{ Page-Title / Story-Title }

News Hindi

शोनाली बोस की द स्काय इज़ पिंक ११ अक्टूबर को प्रदर्शित होगी

Read in: English


दिवंगत आयशा चौधरी के जीवन पर आधारित इस फ़िल्म में फ़रहान अख़्तर, प्रियंका चोपड़ा और ज़ायरा वसीम काम कर रहे हैं।

Our Correspondent

शोनाली बोस की आगामी फ़िल्म की प्रदर्शन की तारीख तय कर दी गयी है। फ़िल्म को फ़िलहाल द स्काय इज़ पिंक नाम दिया गया है और फ़िल्म ११ अक्टूबर २०१९ को प्रदर्शित होगी।

आर एस वी पी फ़िल्म्स और रॉय कपूर फ़िल्म्स द्वारा निर्मित इस फ़िल्म में फ़रहान अख़्तर, प्रियंका चोपड़ा और ज़ायरा वसीम मुख्य भूमिका निभा रहे हैं।

द स्काय इज़ पिंक फ़िल्म दिवंगत आयशा चौधरी के जीवन पर आधारित है। इम्यूनो डेफिशियेंसी डिसऑर्डर के साथ जन्मी चौधरी आगे चल कर प्रेरणादायी वक्ता बनी और कम उम्र में ही प्रस्थापित लेखिका बन कर उभरी। २०१५ में उनकी १९ वर्ष की आयु में मृत्यु हुई।

अगस्त २०१८ की अपनी फेसबुक पोस्ट में बोस ने लिखा था के कैसे आयशा के माता पिता अदिती और निरेन चौधरीने उन्हें इस विषय पर फ़िल्म बनाने के बारे में कहा था। बोसने कहा के आयशाने उनकी फ़िल्म मार्गरिटा विथ अ स्ट्रॉ (२०१५) का ट्रेलर देखा था और ये फ़िल्म देखने की उनकी इच्छा थी। दुर्भाग्यवश फ़िल्म प्रदर्शनसे पूर्व ही वे चल बसीं।

"मेरी फ़िल्म देखने की उनकी अंतिम इच्छा की वजह से ही नहीं, बल्कि मैंने भी एक बच्चा खोया था। उनके अपने बच्चे का नाम भी ईशान था। मेरे अंदर भी वही इच्छा जागी और मुझे लगा की कोई मुझे आवाज़ दे रहा है। मुझे मेरे दुःख की गहराई तक जाकर मृत्यु की संवेदना को परखना पड़ा और फिर मैंने ये कहानी लिखी," बोसने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा था।

ज़ायरा वसीम आयशा की भूमिका निभा रही हैं और प्रियंका और फ़रहान उनके माता पिता की भूमिका में काम कर रहे हैं।

बोस की पिछली फ़िल्म मार्गरिटा विथ अ स्ट्रॉ का २०१४ के टोरंटो इंटरनैशनल फ़िल्म फेस्टिवल में प्रीमियर हुआ था। द स्काय इज़ पिंक फ़िल्म भी इसके प्रदर्शन पूर्व फ़िल्म फेस्टिवल्स में दिखाई जाएगी।

पिछले वर्ष नवम्बर के आखिर में इस फ़िल्म का तीसरा शेड्यूल पूरा हो गया। उसके बाद प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की शादी हुयी थी।

अख़्तर और चोपड़ा को लेकर इस फ़िल्म को दिल्ली और लंदन में शूट किया गया था और अब दोनों कलाकार १ मार्च से फ़िल्म के आखरी शेड्यूल में मिलकर काम करेंगे। इस आखरी शेड्यूल में सात दिन अंदमान और निकोबार में शूट होगा और उसके बाद मुंबई में कुछ दिन शूटिंग की जाएगी।

बोस की इस फ़िल्म द्वारा प्रियंका चोपड़ा ३ वर्ष बाद फिर एक बार हिंदी फ़िल्मों में नज़र आएंगी। प्रकाश झा निर्देशित जय गंगाजल (२०१६) ये उनकी पिछली हिंदी फ़िल्म थी। हॉलीवुड में उनकी पिछली प्रदर्शित फ़िल्म रही इज़ंट इट रोमैंटिक, जो १३ फरवरी को प्रदर्शित हुयी थी।

रॉनी स्क्रूवाला और सिद्धार्थ रॉय कपूर, चोपड़ा की पर्पल पेबल पिक्चर्स, और अमरीकन कंपनी आयवनहो पिक्चर्स ने इस फ़िल्म का निर्माण किया है। आयवनहो पिक्चर्सने पिछले वर्ष की हिट फ़िल्म क्रेझी रिच एशियन्स का भी निर्माण किया था।

Related topics